कोरबा-पाली।जिले में आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव के दौरान स्थानीय प्रशासन की एक चूक ने विवाद खड़ा कर दिया है। महोत्सव में आने वाले महिला-पुरुष दर्शकों की सुविधा के लिए नगर पंचायत एवं जनपद प्रशासन द्वारा चलित शौचालयों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन महिला प्रसाधन के लिए लाए गए एक मोबाइल टॉयलेट की टूटी छत को ढंकने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के चित्र वाले फ्लेक्स पोस्टर का उपयोग कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि फ्लेक्स इस प्रकार लगाया गया था कि तस्वीर अंदर की ओर नीचे की तरफ दिखाई दे रही थी। इस दृश्य के सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी गई और सोशल स्तर पर चर्चा तेज हो गई।
महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित पाली महोत्सव राज्य सरकार के प्रमुख आयोजनों में से एक है, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक शामिल होते हैं। 15-16 फरवरी को आयोजित इस महोत्सव की कई व्यवस्थाएं जनपद एवं नगर पंचायत प्रशासन द्वारा की गई थीं।
आयोजन स्थल पर लाए गए कुछ चलित शौचालयों के छज्जे क्षतिग्रस्त थे। तात्कालिक समाधान के तौर पर उन्हें ढंकने के लिए फ्लेक्स का उपयोग किया गया, किंतु मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले पोस्टर का चयन किए जाने को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वैकल्पिक सामग्री का उपयोग किया जा सकता था। प्रदेश के मुखिया की तस्वीर का इस प्रकार उपयोग गंभीरता की कमी को दर्शाता है। मामले में उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















