कोरबा।जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य पूर्ण होते ही निर्माण एजेंसियों को अविलंब भुगतान सुनिश्चित किया जाए, वहीं लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाए।
समीक्षा बैठक में सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पीएचई, आरईएस और पीएमजीएसवाय के कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को गुणवत्ता की सतत निगरानी करने तथा कार्य पूर्ण होने पर विधिवत परीक्षण के बाद संबंधित विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग अंतर्गत सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों एवं अन्य शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। मरम्मत कार्यों एवं कम लागत वाले कई प्रोजेक्ट में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
निर्माणाधीन पुल-पुलियों की समीक्षा करते हुए पीडब्ल्यूडी ब्रिज शाखा को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि कोडियाघाट-झोरा पुल का कार्य 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए।
इसके अलावा सर्वमंगला मंदिर के समीप हसदेव नदी पर प्रस्तावित उच्च स्तरीय पुल, दीपका-जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग, गुंजन नाला, लेमरू-श्यांग, दर्री-बेलगिरी नाला तथा लीलागर नदी पर निर्माणाधीन पुलों की भी प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने शहर के सुनालिया मार्ग में प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
साथ ही छोटे-छोटे निर्माण कार्यों को मिशन मोड में लेकर अप्रैल-मई तक पूर्ण करने तथा डीएमएफ मद के पुराने लंबित कार्यों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण करने पर जोर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि विकास कार्यों में अब किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















