कई वर्षों की उपेक्षा के बाद गोपालपुर पुनर्वास क्षेत्र की सड़कों का कायाकल्प:एनटीपीसी से 1.5 करोड़ की स्वीकृति, उद्योग मंत्री व महापौर ने किया भूमिपूजन

कोरबा। लंबे समय से उपेक्षित पुनर्वास क्षेत्र गोपालपुर की जर्जर सड़कों का अब कायाकल्प होने जा रहा है। एनटीपीसी ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से डेढ़ करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिससे वार्ड क्रमांक 54 जमनीपाली अंतर्गत स्थित इस पुनर्वास ग्राम की सड़कों का डामरीकरण कार्य शुरू हो गया है।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने आज इस कार्य का भूमिपूजन किया और निर्माण को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल का स्वागत किया।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा, “पुनर्वास ग्रामों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करना हमारा लक्ष्य है। इन ग्रामों की समस्याओं को पूरी गंभीरता से लिया जाना चाहिए और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

प्रतिष्ठानों का प्रथम दायित्व है कि वे पुनर्वास ग्रामों के प्रति पूर्ण रूप से संवेदनशील रहें।”

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा, “जिले में विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है। सरकार पूर्ण सहयोग कर रही है, डीएमएफ मजबूत है और सार्वजनिक उपक्रम भी भरपूर मदद कर रहे हैं। ऐसे में हर जगह विकास ही विकास दिखाई दे रहा है।”

वार्ड क्रमांक 54 के पार्षद मुकुंद सिंह कंवर ने अपने उद्बोधन में बताया कि इस ग्राम की सड़कें 25 वर्षों से अधिक समय पहले बनी थीं और कई वर्षों से जर्जर हालत में हैं। विभिन्न स्तरों पर इसकी शिकायत की गई थी, जिसके बाद एनटीपीसी ने 1 करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पार्षद राधा महंत, सम्मत कुंवर कंवर, किशन लाल कैवर्त, सुखविंदर कौर, अयोध्याबाई कंवर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पूर्व पार्षद पुष्पा कंवर, संजय कुर्मवंशी सहित एनटीपीसी के सीनियर मैनेजर (सीएसआर) शशांक छाजर, जोन कमिश्नर लीलाधर पटेल और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह कार्य न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि स्थानीय निवासियों को बेहतर जीवन स्तर प्रदान करने में भी सहायक सिद्ध होगा।