कटघोरा में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई,एसडीएम के निर्देश पर 3 ट्रैक्टर जप्त, पर्यावरण संरक्षण पर जोर

कोरबा।कटघोरा तहसील क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम तन्मय खन्ना के निर्देश पर तहसील प्रशासन की टीम ने अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा और जप्त कर थाना कटघोरा के सुपुर्द किया।

यह कार्रवाई क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई। एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की।

एसडीएम तन्मय खन्ना ने स्पष्ट कहा कि अवैध रेत उत्खनन से शासन को राजस्व हानि के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिले में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निरंतर अभियान जारी रहेगा।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में अवैध खनन या परिवहन में लिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।