कोरबा की वर्षों पुरानी मांग पूरी! रानी रोड से सर्वमंगला मंदिर तक हसदेव नदी पर बनेगा नया रपटा उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से 13.44 करोड़ की स्वीकृति मिली

कोरबा।कोरबा नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से कोरबा शहर के विकास को नई दिशा मिल रही है। रानी रोड कोरबा से सर्वमंगला मंदिर के बीच हसदेव नदी पर रपटा (लो-लेवल ब्रिज) निर्माण के लिए राज्य शासन ने 13.44 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

मंत्री देवांगन ने बताया कि पुराने कोरबा शहर की यह वर्षों पुरानी मांग थी। रानी रोड से सर्वमंगला मंदिर के बीच सीधा संपर्क मार्ग नहीं होने से लोगों को उषा कॉम्प्लेक्स रेलवे क्रॉसिंग होते हुए सर्वमंगला पुल से घूमकर कुसमुंडा या कनकी-बिलासपुर की ओर जाना पड़ता है। इससे समय और ईंधन दोनों की अधिक खपत होती है।

वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों द्वारा लंबे समय से इस रपटा निर्माण की मांग की जा रही थी।

पुराने कोरबा शहर की वर्षों पुरानी जन आकांक्षा को मिलेगा मूर्त रूप
मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कोरबा प्रवास के दौरान इस विषय पर विशेष आग्रह किया गया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहमति प्रदान की। इसके बाद सेतु निगम के माध्यम से रपटा निर्माण के लिए ड्राइंग-डिजाइन एवं प्राक्कलन तैयार किया गया।
राज्य शासन द्वारा 13.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

सर्वमंगला पुल पर यातायात का दबाव होगा कम
रपटा के निर्माण से एक ओर जहां सर्वमंगला पुल पर यातायात का दबाव कम होगा, वहीं पुराने कोरबा क्षेत्र को विकास और आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे कुसमुंडा, कनकी एवं बिलासपुर की ओर जाने वाले लोगों को सीधा और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा।

इस स्वीकृति के लिए मंत्री देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।