कोरबा–कुसमुंडा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से रिटायर्ड एसईसीएल कर्मी की मौत

कोरबा। कोरबा–कुसमुंडा मार्ग पर ग्राम खम्हारिया मोड़ के समीप गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एसईसीएल कुसमुंडा के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा की ओर से आ रही एक ट्रेलर ने अपनी साइड से जा रहे बाइक सवार को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय राहगीरों ने उसे पकड़ लिया। घायल को जीवित होने की उम्मीद में तत्काल विकास नगर स्थित विभागीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान एसईसीएल कुसमुंडा से सेवानिवृत्त कर्मचारी अरुण कुमार के रूप में हुई है, जो विकास नगर में निवासरत थे।

सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए कथित आरोपी चालक और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को थाने लाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। घटना से परिजनों और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है।