कोरबा। शहर के हृदय स्थल पुराना कोरबा स्थित मुख्य मार्ग पर संचालित अंग्रेजी शराब दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि दुकान खुलने से लेकर बंद होने तक शराबियों का जमघट लगा रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और हर समय किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर में पहले से ही विभिन्न प्रकार के नशे के कारण शांति व्यवस्था प्रभावित रही है, वहीं बीच शहर में संचालित यह शराब दुकान समस्या को और गंभीर बना रही है। आए दिन छोटी-छोटी मारपीट, वाद-विवाद और गाली-गलौज की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन और व्यापारियों का अमन-चैन प्रभावित हो रहा है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि दुकान के 100 मीटर के दायरे में गौरीशंकर मंदिर, श्री पंचदेव मंदिर, श्री राम जानकी मंदिर तथा सरस्वती शिशु मंदिर स्थित हैं। मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं और स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं और धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करते हुए उक्त शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
क्षेत्रवासियों की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं कि आखिर उनकी शिकायतों पर कब संज्ञान लिया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















