स्व.केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट: तृतीय दिवस एसपी 11 की शानदार जीत, मेडिकल कॉलेज को 32 रन से हराया

कोरबा । निहारिका क्षेत्र स्थित घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम मैदान में आयोजित स्वर्गीय केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के तृतीय दिवस एसपी 11 और मेडिकल कॉलेज की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। निर्धारित 10 ओवर के इस मैच में एसपी 11 की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मेडिकल कॉलेज को 32 रन से पराजित कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. के.के. सहारे रहे। विशिष्ट अतिथियों में मेडिकल कॉलेज के सीएस डॉ. गोपाल कंवर, अस्पताल अधीक्षक डॉ. रविकांत जाटवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. सहारे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन असली विजेता वही है जो मैदान में उतरकर खेल भावना का परिचय देता है। उन्होंने प्रेस क्लब द्वारा वरिष्ठ पत्रकार स्व. केशव लाल मेहता की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता को सराहनीय पहल बताया।

अतिथियों ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब द्वारा 22 वर्षों से लगातार इस आयोजन को सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है, जो प्रशंसनीय है।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसपी 11 की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 113 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में मेडिकल कॉलेज की टीम निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 81 रन ही बना सकी। इस तरह एसपी 11 ने 32 रन से जीत दर्ज की।

एसपी 11 की ओर से इरफान खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 7 रन देकर 3 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम मैदान क्रिकेट प्रेमियों से खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम में प्रेस क्लब कोरबा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।