कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के प्रेमनगर चौराहे पर बुधवार दोपहर एक छोटी सी चिंगारी ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। बगल की वेल्डिंग दुकान से निकली चिंगारी ने पास स्थित दुबे बेल्ट एंड गारमेंट्स दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान जलकर राख हो गई। इस हादसे में चमड़े के बेल्ट, परफ्यूम, गारमेंट्स सहित अन्य सामान पूरी तरह स्वाहा हो गया और संचालक को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार घटना के समय दुकान संचालक आर. दुबे किसी काम से बाहर गए हुए थे। प्रेमनगर मार्केट में सीमांत पूंजी से संचालित छोटी-छोटी दुकानें कतारबद्ध हैं, जो कई परिवारों की आजीविका का साधन हैं। घटना के दौरान अधिकांश दुकानें बंद थीं, जबकि समीप की वेल्डिंग दुकान में काम जारी था।
बताया जा रहा है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी गारमेंट्स दुकान तक पहुंच गई। दुकान में रखे चमड़े और कपड़ों जैसे ज्वलनशील सामान के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, किंतु तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।
सूचना मिलते ही दुकान संचालक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में वेल्डिंग कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना ने बाजार क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की कमी को उजागर किया है। स्थानीय व्यापारियों ने बाजार में फायर सेफ्टी उपकरणों की अनिवार्यता और नियमित निरीक्षण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















