राखड़ वाहन का कहर : तेज रफ्तार हाइवा ने तोड़ा बिजली खंभा, पूरा इलाका अंधेरे में डूबा, ग्रामीणों में भड़का आक्रोश

कोरबा। जिले के दादर ढेलवाड़ीह गांव में राखड़ परिवहन में लगे तेज रफ्तार वाहन का आतंक एक बार फिर सामने आया है। बुधवार देर रात एक राखड़ वाहन ने गांव की बिजली केबल को क्षतिग्रस्त कर खंभा तोड़ दिया, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। गुरुवार सुबह तक बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई महीनों से इस मार्ग पर राखड़ से भरे भारी वाहन लगातार आवागमन कर रहे हैं। देर रात एक वाहन ढेलवाड़ीह के आसपास राखड़ डंप करने के बाद डाला उठाकर तेज रफ्तार में निकला। इसी दौरान उसने विद्युत तार को अपनी चपेट में ले लिया और खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

पूरी रात बिजली गुल रहने से ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। लोगों ने बताया कि बार-बार शिकायत के बावजूद इस क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर खुलेआम राखड़ डंप किया जा रहा है। इससे प्रदूषण बढ़ रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि तेज रफ्तार राखड़ वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। मना करने और विरोध के बावजूद मनमाने ढंग से परिवहन जारी है।

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।