सुरक्षित जीवनशैली अपनाकर एड्स को हराने का संदेश, स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय में जागरूकता रैली आयोजित

कोरबा। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय,में रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में 17 फरवरी को एड्स जागरूकता रैली का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर एवं संस्था प्रभारी डॉ. डेज़ी कुजूर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा सुरक्षित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना था। विद्यार्थियों ने जागरूकता संबंधी नारों और संदेशों के माध्यम से आमजन को एड्स से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई रैली आसपास के मोहल्लों से होकर पुनः कॉलेज पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को सुरक्षित व्यवहार, नियमित जांच और सामाजिक संवेदनशीलता अपनाने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से जनसामान्य तक एड्स के प्रति जागरूक रहने और भेदभाव से दूर रहने की अपील की गई।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही और सभी ने सुरक्षित जीवनशैली अपनाकर एड्स के खतरे को हराने का संकल्प लिया।