डीएवी के 12वीं छात्र और 10वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो छात्रों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर आईटीआई बस्ती की है। यहां एसईसीएल डीएवी पब्लिक स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र उज्जवल डनसेना (17 वर्ष) ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उज्जवल कॉमर्स विषय का छात्र और क्लास मॉनिटर था। बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सेंट जेवियर स्कूल में आयोजित फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा में वह अनुपस्थित रहा।

परीक्षा में नहीं पहुंचने पर शिक्षक उसके घर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था और टीवी तेज आवाज में चल रहा था। खिड़की से झांककर देखने पर उज्जवल का शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार घटनास्थल से अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उज्जवल ने अपनी मृत्यु के बाद शव को मेडिकल कॉलेज को दान करने की इच्छा जताई है।

बताया जा रहा है कि उज्जवल के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी बहन डिंपी डनसेना और जीजा इंद्र के साथ रहता था। उसकी बहन गोपालपुर स्थित एक स्कूल में शिक्षिका हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरानगर दुरपा की है। यहां दिलीप केंवट की 10वीं कक्षा में अध्ययनरत बेटी अंजली केंवट ने मंगलवार सुबह घर में फांसी लगा ली। घटना के समय परिजन काम पर गए हुए थे। छोटा भाई नदी से नहाकर लौटा तो बहन को फंदे पर लटका देखा। उसने तुरंत रस्सी काटकर अंजली को नीचे उतारा और मेडिकल अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दोनों घटनाओं ने शहर में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।