कोरबा। नगर पालिक निगम के रविशंकर नगर जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 27 एवं 28 में 72 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों का भूमिपूजन प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजू देवी राजपूत ने किया।
निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 28 के अंतर्गत कुआं भट्ठा बुधवारी बायपास स्थित विवेकानंद सेवा सदन के द्वितीय तल पर 25 लाख रुपये की लागत से हॉल एवं कक्ष निर्माण तथा अन्य विस्तार कार्य किए जाएंगे। इसी वार्ड में कन्या महाविद्यालय के पीछे ब्रम्ह वाटिका के पास 5 लाख रुपये की लागत से किचन शेड का निर्माण और अपना घर के पास 30 लाख रुपये की लागत से अहाता निर्माण व अन्य विस्तार कार्य कराए जाएंगे।
वहीं वार्ड क्रमांक 27 के महाराणा प्रताप नगर एक्सटेंशन क्षेत्र में 12 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली एवं कलवर्ट निर्माण का कार्य कराया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा क्षेत्र के विकास के लिए 850 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है तथा जिले में लगभग 5000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का भरपूर सहयोग कोरबा को मिल रहा है और विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कोरबा में निरंतर विकास हुआ है और हर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद, मेयर इन काउंसिल सदस्य, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















