शराब के नशे में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई: एयरबैग ने बचाई जान,शराब की बोतलों सहित वाहन जब्त

कोरबा। शहर के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत घंटाघर– मिनीमाता कॉलेज मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि एयरबैग खुल जाने से चालक और उसमें सवार युवक की जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सवार युवक शराब के नशे में थे और तेज गति से वाहन चला रहे थे। नियंत्रण खोने पर कार सीधे नगर निगम के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद युवकों ने अपने परिचितों को मौके पर बुलाया। आरोप है कि पहुंचने वाले साथियों ने सबसे पहले वाहन की नंबर प्लेट निकाल दी, ताकि पहचान छिपाई जा सके। सूचना मिलते ही डायल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान कार के भीतर और आसपास शराब की बोतलें बिखरी मिलीं। पुलिस ने शराब की बोतलों के साथ वाहन को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग मामले को सामान्य सड़क हादसा बताकर रफा-दफा करने की कोशिश में थे, लेकिन पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।