मजदूर की जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप: कटघोरा के कारोबारी पर गंभीर आरोप, शिकायत के बाद भी कार्रवाई शून्य

कोरबा। जिले में एक गरीब मजदूर की जमीन पर कथित कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। पोड़ीउपरोड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम आमाखोखरा की भूमि को लेकर मजदूर मनोज शर्मा ने कटघोरा निवासी कारोबारी विकास अग्रवाल पर अवैध कब्जा और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि प्रशासन और पुलिस से शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विवादित भूमि ग्राम आमाखोखरा,प.ह.नं. 45,रा.नि.मं.एवं तहसील पोड़ीउपरोड़ा, जिला कोरबा में स्थित है। खसरा नंबर 6/22/1, रकबा 0.360 हेक्टेयर की इस जमीन के चारों ओर अहाता/बाउंड्रीवाल निर्मित है। मनोज शर्मा ने बताया कि उन्होंने ऋण पुस्तिका के लिए तहसीलदार पोड़ीउपरोड़ा के न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया है।

पंचनामा के दौरान निरीक्षण में कथित रूप से पाया गया कि उक्त भूमि के अंदर विकास अग्रवाल (पिता- सुरेश अग्रवाल), निवासी अंबिकापुर रोड, कटघोरा द्वारा अवैध रूप से यूरिया पानी आदि के उत्पादन संबंधी व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पीड़ित का आरोप है कि यहां बिना वैध स्वामित्व के उपकरण लगाकर काम किया जा रहा है।

मनोज शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि नियमों के विपरीत एक कथित फर्जी व्यक्ति के आवेदन पर सीएसईबी द्वारा बिजली कनेक्शन प्रदान कर दिया गया, जिससे उपकरण संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से कनेक्शन हटाने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई तो विकास अग्रवाल द्वारा उनके साथ गाली-गलौच कर धमकी दी गई। इस संबंध में एसडीएम और पुलिस प्रशासन को शिकायत दी गई है, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वे निराश हैं।

मनोज शर्मा ने मुख्यमंत्री एवं मानवाधिकार आयोग को भी पत्र भेजकर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि प्रदेश में सुशासन है तो गरीबों की जमीन पर कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।