कोरबा। जिले में डीजल चोरी और लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सीमांत क्षेत्रों के बाद अब शहर से लगे इलाकों में भी बड़े मालवाहन वाहनों को निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर (IOCL) मुख्य मार्ग का है, जहां हथियारबंद बदमाशों ने एक ट्रेलर से लगभग 200 लीटर डीजल लूट लिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार (17-18 फरवरी) की दरमियानी रात करीब 1 बजे ट्रेलर चालक और हेल्पर वाहन में खाना खाने के बाद आराम कर रहे थे। तभी सफेद रंग की काली पट्टी लगी स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी। वाहन से करीब पांच युवक उतरे और सब्बल की मदद से ट्रेलर के डीजल टैंक का लॉक तोड़ने लगे।
आवाज सुनकर चालक ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के पास धारदार हथियार होने के कारण वह डर गया। बदमाशों ने चालक का मोबाइल भी छीन लिया और टैंक से करीब 200 लीटर डीजल निकालकर फरार हो गए।
घटना के बाद भयभीत चालक रात में थाने में शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा सका। बताया जा रहा है कि वाहन मालिक ने भी रिपोर्ट दर्ज कराने के बजाय काम पर ध्यान देने की बात कही। बाद में चालक ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। गोपालपुर स्थित एक धर्मकांटा में लगे कैमरे में संदिग्ध स्कॉर्पियो की गतिविधि कैद मिली है। चालक का दावा है कि यही वाहन वारदात में शामिल था।
अन्य ट्रक चालकों ने भी उसी रात कई वाहनों से डीजल चोरी की बात कही है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि घटना में प्रयुक्त बोलेरो का नंबर फर्जी हो सकता है। चालक ने अपने मोबाइल से टैंक के टूटे ढक्कन का वीडियो भी बनाया है।
फिलहाल मामले में पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















