कोरबा।कोरबा नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने जलप्रदाय विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देशित किया है कि पाइपलाइन के माध्यम से आपूर्ति किया जाने वाला पेयजल पूर्णतः शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण हो, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पानी की टंकियों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में उपचारित जल के निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित सैंपल लेकर उसकी जांच कराई जाए। पाइपलाइन के अंतिम छोरों से भी समय-समय पर जल नमूने लेकर परीक्षण की प्रक्रिया पूरी सजगता और गंभीरता से संपादित की जाए।
निगम द्वारा रॉ-वॉटर को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में उपचारित कर क्लोरीनयुक्त जल वार्डों और बस्तियों में आपूर्ति किया जाता है। सामान्यतः इसके दूषित होने की संभावना कम रहती है, लेकिन यदि कहीं पाइपलाइन में टूट-फूट हो जाए और बाहरी गंदा पानी उसमें मिल जाए तो जल प्रदूषित हो सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए निगरानी और परीक्षण की व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
आयुक्त ने कहा कि प्लांट में उपचार के बाद प्रति घंटे जल का सैंपल लेकर उसकी जांच की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाला पानी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और पूर्णतः सुरक्षित हो।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















