कोरबा।दर्री थाना अंतर्गत ग्राम बरेड़ीमुड़ा में लापता हुए 2 वर्षीय बालक का शव घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर से बरामद होने पर पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालक के पिता लक्ष्मी नारायण कंवर और माता रोजी-मजदूरी के लिए तमिलनाडु गए हुए हैं। बालक अपने दादा प्रमोद कंवर और बुआ रिंकी के साथ गांव में रह रहा था। रविवार दोपहर लगभग 2 बजे के बाद से बालक अचानक लापता हो गया। उस समय बुआ घर के काम में व्यस्त थी, जबकि दादा बाड़ी में नहा रहे थे। नहाकर लौटने के बाद जब दादा ने पोते को खाना खिलाने के लिए आवाज दी तो वह नजर नहीं आया।
परिजनों ने घर और आसपास काफी खोजबीन की, ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः दर्री थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई। पूरी रात परिजन और ग्रामीण बालक की तलाश में जुटे रहे।
सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे परिजन आशंका के चलते घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर के पास पहुंचे। अंदर झांकने पर बालक दिखाई दिया। तत्काल उसे बाहर निकाला गया, लेकिन संकरे चेंबर में गिरने से उसकी मौत हो चुकी थी।
मृत बालक को गोद में उठाए दादा बिलखते रहे, बुआ का भी रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना बालक के माता-पिता को दे दी गई है, जो तमिलनाडु से कोरबा के लिए रवाना हो रहे हैं।
सूचना पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















