पंजाब नेशनल बैंक शाखा स्थानांतरण का विरोध,ग्रामीणों में नाराजगी

कोरबा।रजगामार में कई दशकों से संचालित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा को एस ई सी एल की ओमपुर कॉलोनी में स्थानांतरित किए जाने की कोशिश का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध शुरू कर दिया है। बैंक से जुड़े लगभग 40 गांवों के लोग इस प्रस्तावित फैसले से नाराज हैं और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि रजगामार क्षेत्र में संचालित यह शाखा किसानों, मजदूरों, पेंशनधारियों, स्व-सहायता समूहों, छोटे व्यापारियों और विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रही है।

ऐसे में अचानक शाखा को मुख्य बस्ती से लगभग 3 किलोमीटर दूर ओमपुर कॉलोनी परिसर में स्थानांतरित करना आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनेगा।

ग्रामीणों ने तर्क दिया कि कॉलोनी क्षेत्र मुख्य बाजार और बस्ती से दूर है तथा वहां तक पहुंचने के लिए नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। विशेष रूप से बुजुर्ग पेंशनधारियों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को अतिरिक्त दूरी तय करने में कठिनाई होगी।

किसानों ने बताया कि फसल सीजन और सरकारी योजनाओं के भुगतान के दौरान बैंक में पहले ही भारी भीड़ रहती है। शाखा दूरस्थ स्थान पर चली जाने से भीड़ प्रबंधन और आवागमन की समस्या और बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शाखा को वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखा जाए, ताकि आम जनता को असुविधा न हो।