नगर पालिक निगम की कार्रवाई: बकायादारों की संपत्ति सील

कोरबा।संपत्तिकर जमा करने में आनाकानी करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ नगर पालिक निगम कोरबा ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर वार्ड क्रमांक 14 सहित विभिन्न क्षेत्रों में बकायादारों की संपत्तियों को सील किया गया।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्र. 14 डायवर्सन रोड स्थित बड़े बकायादार कासिम खान द्वारा लंबे समय से संपत्तिकर की बकाया राशि निगम कोष में जमा नहीं कराई जा रही थी।

बार-बार नोटिस और वारंट जारी किए जाने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर निगम की टीम ने संपत्ति को सील कर दिया। यह कार्रवाई राजस्व अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। इस दौरान सहायक राजस्व अधिकारी सुमित गुप्ता, अजय कुमार अग्रवाल, अविनाश जायसवाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी तरह बुधवारी एवं रविशंकर नगर क्षेत्र में पांच दुकानों द्वारा किराया जमा नहीं करने पर तथा एक अन्य बड़े संपत्तिकर बकायादार की संपत्तियों को भी सील किया गया।

निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया करों के भुगतान में रुचि नहीं लेने वाले करदाताओं के विरुद्ध आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त टीपी नगर में सार्वजनिक सड़क एवं नाली में भवन निर्माण सामग्री गिट्टी, ईंट, मलबा व रेत डालने पर कृष्ण कुमार अग्रवाल पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। निगम ने निर्देश दिया है कि अर्थदंड की राशि तत्काल जमा कराई जाए और सी एंड डी वेस्ट को स्थल से हटाया जाए, अन्यथा निगम स्वयं हटाने की कार्रवाई कर खर्च की राशि पृथक से वसूल करेगा।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से समय पर कर भुगतान करने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण व मलबे से मुक्त रखने की अपील की है।