अलार्म बजते ही भागे चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

शारदा विहार स्थित इंडिकैश एटीएम में नकदी उड़ाने का प्रयास विफल, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत शारदा विहार पेट्रोल पंप के समीप स्थित इंडिकैश एटीएम में चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। दो नकाबपोश युवकों ने एटीएम मशीन को तोड़कर नकदी निकालने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा अलार्म बजते ही वे मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार देर रात दो अज्ञात युवक एटीएम के भीतर घुसे और मशीन के सामने वाले पैनल को तोड़कर कैश बॉक्स तक पहुंचने का प्रयास किया। आरोपियों ने इसके लिए किसी धारदार या भारी औजार का उपयोग किया। इसी दौरान एटीएम का सुरक्षा अलार्म सक्रिय हो गया, जिससे घबराकर दोनों बदमाश बिना नकदी लिए मौके से भाग निकले।

सुबह आसपास की दुकानें खुलने पर लोगों ने एटीएम का टूटा हुआ पैनल देखा और इसकी सूचना एटीएम प्रबंधन एवं पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल से एटीएम के क्षतिग्रस्त हिस्सों के साथ कुछ औजार भी बरामद किए हैं। वहीं एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में दोनों आरोपी नकाब पहने दिखाई दे रहे हैं तथा उनके हाथों में मशीन तोड़ने के लिए इस्तेमाल किए गए औजार भी नजर आ रहे हैं।

पुलिस आसपास के पेट्रोल पंप, दुकानों और मुख्य मार्ग पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में देर रात नशेड़ियों के जमावड़े पर चिंता जताते हुए नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

वहीं पुलिस ने एटीएम प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने,अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने की सलाह दी है।

फिलहाल पुलिस ने चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।