संजना ने राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में बढ़ाया कोरबा का मान,व्यक्तिगत मेरिट अवॉर्ड से सम्मानित

कोरबा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, जमनीपाली की छात्रा संजना ने 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता (2025-26) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कोरबा जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में संजना को उसकी प्रभावशाली वक्तृत्व कला, नेतृत्व क्षमता और संसदीय प्रक्रियाओं की उत्कृष्ट समझ के लिए “इंडिविजुअल मेरिट अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया।

देशभर के 200 से अधिक केंद्रीय विद्यालयों के बीच आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में संजना ने केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, जमनीपाली की टीम का लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) के रूप में सफल नेतृत्व किया। संसदीय कार्यवाही के कुशल संचालन, आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति और प्रभावशाली संवाद शैली ने निर्णायकों को प्रभावित किया तथा विद्यालय को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने विजेताओं को सम्मानित किया। संजना को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उसकी उपलब्धि की सराहना की गई।

संजना की इस सफलता से विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और जिलेवासियों में हर्ष का माहौल है। उसकी उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सम्मान मेहनत, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है। संजना की उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे कोरबा जिले का गौरव बढ़ाया है।