उत्कर्ष योजना प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई को, कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए होगा चयन

कोरबा। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु लिखित परीक्षा का आयोजन 5 जुलाई 2026 (रविवार) को किया जाएगा। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक निर्धारित की गई है।

आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इस परीक्षा के माध्यम से पात्र अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। जिले में प्रवेश परीक्षा के लिए 15 जून तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसके बाद अब परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ परीक्षा में शामिल होने की अपील की गई है।

उत्कर्ष योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें प्रतिस्पर्धी शिक्षा के लिए तैयार करना है।