बिना भागदौड़ पूरी हुई प्रक्रिया, शासन की डिजिटल पहल से नागरिकों को राहत
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सेवा सेतु पहल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न शासकीय सेवाएं अब सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो रही हैं। इससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलने के साथ समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
पाली तहसील के ग्राम नानबांका निवासी रनसिंह नेटी ने अपने पुत्र सुनील कुमार के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने हेतु लोक सेवा केंद्र सुतर्रा में आवेदन किया था। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मात्र एक सप्ताह के भीतर आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया, जिससे परिवार को आवश्यक दस्तावेज समय पर प्राप्त हो गया।
प्रमाण पत्र मिलने पर सुनील कुमार और उनके पिता ने खुशी जताते हुए कहा कि पहले ऐसे कार्यों के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की हानि होती थी। सेवा सेतु के माध्यम से पूरी प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक हो गई है तथा निर्धारित समय में दस्तावेज प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु जैसी व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बड़ी राहत है। यह पहल शासन की सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

