कोरबा।बांगो शिव मंदिर में आयोजित मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब भारी भीड़ के बीच एक छोटी बालिका अपने परिजनों से बिछड़ गई। मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई थी और पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार माइक के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों पर विशेष ध्यान रखने की अपील की जा रही थी।
इसी दौरान परिजनों की असावधानी के कारण बच्ची भीड़ में गुम हो गई। ड्यूटी पर तैनात बांगो पुलिस की नजर रोती हुई बच्ची पर पड़ी, जिसके बाद उसे तत्काल सुरक्षा में लिया गया। पुलिस ने बच्ची से जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी घबराई हुई थी।
उधर मेला समिति द्वारा साउंड सिस्टम से लगातार मुनादी कराई जाती रही, फिर भी काफी समय तक परिजनों का पता नहीं चल पाया। इससे चिंता का माहौल बन गया।
आखिरकार लंबे इंतजार के बाद घबराए हुए परिजन पुलिस के पास पहुंचे। आवश्यक पुष्टि और ग्राम ठाड़पखना के निवास की जानकारी एतमानगर सरपंच से सत्यापित करने के बाद बच्ची को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस की सतर्कता से एक संभावित बड़ी घटना टल गई। प्रशासन ने मेले में आने वाले अभिभावकों से अपील की है कि भीड़-भाड़ वाले आयोजनों में बच्चों पर विशेष निगरानी रखें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















