कोरबा।शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कोरबा ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए मनमानी पार्किंग करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा। मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर व्हील क्लैम्प लगाकर चालान की कार्रवाई की गई।
यह अभियान ट्रांसपोर्ट नगर चौक से पुराना बस स्टैंड तक चलाया गया। सड़क किनारे, फुटपाथ और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ी दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
शहर के व्यस्ततम मार्गों विशेषकर ट्रांसपोर्ट नगर चौक, पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक इलाकों में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ती अव्यवस्था को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जुर्माना अदा करने के बाद ही मुक्त किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर में सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















