विपत्ति में भी भक्तों का साथ देते हैं विश्वनाथ : चंदन कृष्ण शास्त्री

कोरबा।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोरबा के अमरैयापारा नवधा चौक में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। महिला समिति अमरैयापारा के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कथा वाचन करते हुए आचार्य चंदन कृष्ण शास्त्री ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब विपत्ति के समय अपने भी दूरी बना लेते हैं, तब आदिदेव विश्वनाथ अपने भक्तों की पुकार अवश्य सुनते हैं। शिव नकारात्मक शक्तियों के संहारक और सात्विक शक्तियों को सशक्त करने वाले देव हैं।

आचार्य ने शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान शिव ने सदैव मानव कल्याण के लिए मार्ग प्रशस्त किया है। कथाएं मनुष्य को नई दृष्टि प्रदान करती हैं और जीवन को सार्थक बनाने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा के अनुरूप आचरण अपनाने का आह्वान किया।

कथा के प्रथम दिवस भगवती पार्वती के यशगान के साथ पचरा गीत की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसमें देवी के विभिन्न स्वरूपों का स्मरण किया गया। आयोजन में मातृशक्ति की सक्रिय एवं प्रेरणादायी सहभागिता विशेष आकर्षण रही।

भक्तिमय वातावरण में आरती और भजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।