पीएम किसान सम्मान निधि से मजबूत हो रहे किसान, डीबीटी से सीधे खाते में पहुंच रही राशि

रिसदा के कृषक गोवर्धन सिंह बोले – समय पर मिलती है सहायता, खेती में मिलता है संबल

कोरबा।केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाएं जिले के कृषकों के लिए संबल साबित हो रही हैं। रिसदा निवासी कृषक गोवर्धन सिंह इसका जीवंत उदाहरण हैं। वे लगभग चार एकड़ भूमि पर मुख्य रूप से धान की खेती करते हैं और पिछले कई वर्षों से कृषि कार्य में संलग्न हैं।

गोवर्धन सिंह प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राही हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से जमा हो जाती है। वर्ष में तीन बार दो-दो हजार रुपये की किश्त समय पर प्राप्त होने से खेती-किसानी के कार्यों में उन्हें आर्थिक सहारा मिलता है।

प्राप्त राशि का उपयोग वे बीज, खाद एवं अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति में करते हैं। इससे खेती की लागत वहन करने में सुविधा होती है और आर्थिक दबाव कम होता है। उनका कहना है कि समय पर आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें किसी से उधार लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती और वे आत्मसम्मान के साथ कृषि कार्य कर पा रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बना रही है।