तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी,चालक घायल

बलौदा-कोरबा मार्ग पर हुआ हादसा, राहगीर बाल-बाल बचे

कोरबा।शनिवार सुबह लगभग 6 बजे बलौदा-कोरबा मार्ग पर स्थित कनकी नहर ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार कार क्रमांक सीजी-04-क्यूपी-4126 पंतोरा की ओर से लौट रही थी। अचानक वाहन बेकाबू होकर रॉन्ग साइड में चला गया और सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद नीचे पलट गया। कार में केवल चालक सवार था, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना के दौरान कुछ राहगीर कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।