पाली महादेव मंदिर से शंकर खोला गुफा तक गूंजा ‘ओम नम: शिवाय’, निकली भव्य शिव बारात
कोरबा।फाल्गुन त्रयोदशी के पावन अवसर पर महाशिवरात्रि का पर्व पूरे कोरबा जिले में आस्था, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जल, दुग्ध एवं बेलपत्र से अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
जिले के ऐतिहासिक पाली महादेव मंदिर में विशेष उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान और भजन-कीर्तन का आयोजन होता रहा।
इसी तरह शंकर खोला गुफा, कोरकोमा में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। प्राकृतिक गुफा में स्थित शिवलिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालु कतारबद्ध रहे और ‘ओम नम: शिवाय’ के मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इसके अलावा मृत्युंजय मंदिर निगम कॉलोनी, सुभाष ब्लॉक शिव मंदिर, बड़ा शिव मंदिर दीपका तथा पावर हाउस रोड शिव मंदिर में भी सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं समितियों द्वारा भोग-भंडारे की व्यवस्था की गई, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
दोपहर बाद पावर हाउस रोड स्थित शिव मंदिर से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों के साथ निकली इस बारात ने नगरवासियों का मन मोह लिया। श्रद्धालु नाचते-गाते शिवभक्ति में लीन नजर आए और पूरा शहर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















