श्रमिक हितैषी योजनाओं की जानकारी और लाभ वितरण हेतु श्रम विभाग की पहल
कोरबा।श्रम विभाग कोरबा द्वारा 18 फरवरी, बुधवार को सुबह 11 बजे से राजीव गांधी ऑडिटोरियम, टी.पी. नगर में श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत संचालित श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना है।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल एवं छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल द्वारा संचालित योजनाओं के तहत किया जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन होंगे। अध्यक्षता कोरबा लोकसभा की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह तथा सभापति नूतन सिंह ठाकुर उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन में विभागीय अधिकारी श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर निर्माण श्रमिकों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए पंजीयन एवं नवीनीकरण काउंटर लगाए जाएंगे। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण की भी निःशुल्क सुविधा उपलब्ध रहेगी।
सहायक श्रम आयुक्त कोरबा ने जिले के श्रमिक साथियों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में शामिल होकर शासन की श्रमिक हितैषी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
पंजीयन हेतु आवश्यक दस्तावेज
निर्माण श्रमिकों (रेजा, कुली, राजमिस्त्री, बढ़ई, प्लम्बर, इलेक्ट्रीशियन आदि) को पंजीयन के लिए मूल आधार कार्ड, बैंक पासबुक, परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड, एक वर्ष में 90 दिवस निर्माण कार्य करने का प्रमाण, ओटीपी हेतु मोबाइल तथा लाइव फोटो के लिए स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। जिनका पंजीयन 5 वर्ष पूर्ण कर चुका है, वे नवीनीकरण हेतु पंजीयन कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज लाएं।
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों (धोबी, दर्जी, नाई, बुनकर, ऑटो चालक, सफाई कर्मी, दुकान/गैरेज मजदूर, ठेला संचालक, मितानिन, कोटवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका आदि) को मूल आधार, बैंक पासबुक, परिवार के सदस्यों के आधार, आय प्रमाण पत्र (पार्षद/सरपंच/पटवारी द्वारा जारी) तथा ओटीपी हेतु मोबाइल के साथ उपस्थित होना होगा।
श्रम विभाग ने जनप्रतिनिधियों एवं श्रमिक संगठनों से भी सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















