तरदा में 9 वर्षीय बालक की डूबने से मौत

कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा के जंगलपारा मोहल्ले में 9 वर्षीय बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार मृतक रोशन कंवर मूलतः कोथारी कचोरा का निवासी था। उसके पिता विष्णु कंवर मजदूरी और खेती का कार्य करते हैं। रोशन कुछ दिन पहले अपने रिश्तेदारों के यहां तरदा आया हुआ था।

बताया गया कि रविवार दोपहर वह अपनी मामी और नानी के साथ नहाने गया था। इसी दौरान उसने कहा कि उसे तैरना आता है और वह तेज बहाव वाली नहर में कूद गया।

अचानक गहराई और तेज धारा में बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना के करीब तीन घंटे बाद बालक का शव जांजगीर जिले के पंतोरा स्थित नहर गेट के पास मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।