कोरबा।जिले के सबसे प्रतिष्ठित टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट स्व. केशवलाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज आज 16 फरवरी की शाम 7 बजे होगा। आयोजन की सभी तैयारियां कोरबा प्रेस क्लब द्वारा पूरी कर ली गई हैं। आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा।
सभी मुकाबले डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम घंटाघर में दूधिया रोशनी के बीच खेले जाएंगे। ओपन थिएटर में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। प्रतिदिन हजारों दर्शकों के मैदान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
विगत 22 वर्षों से अंचल के वरिष्ठ पत्रकार स्व. केशवलाल मेहता की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता इस बार अपने 22वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। ऊर्जाधानी कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में यह टूर्नामेंट टेनिस बॉल क्रिकेट के सबसे बड़े आयोजनों में शुमार है।
इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें कलेक्ट्रेट 11, एसपी 11, बालको 11, मेयर 11, कमिश्नर 11, एनटीपीसी, अडानी पावर, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (कोरबा एवं कुसमुंडा), सीएसपीडीसीएल, फॉरेस्ट 11, मेडिकल कॉलेज 11, एजुकेशन 11, अधिवक्ता 11 और प्रेस क्लब कोरबा की टीम शामिल हैं।
हर वर्ष की तरह इस बार भी यह टूर्नामेंट कॉर्पोरेट घरानों और शासकीय विभागों की टीमों को एक मंच पर लाकर खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा।
खेलप्रेमियों के लिए आगामी दिनों में चौकों-छक्कों की बरसात और रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला देखने को मिलेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















