कोरबा।ऐतिहासिक नगरी पाली में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पाली महोत्सव 2026 का शुभारंभ शिव आरती, दीपोत्सव और भव्य आतिशबाजी के साथ हुआ। शाम लगभग 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट पर आयोजित शिव आरती और दीपोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
ऐतिहासिक शिव मंदिर और सरोवर के चारों ओर दीपों की जगमगाती रोशनी ने आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। गंगा आरती और धूप आरती के साथ पूरा क्षेत्र धार्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, श्रम, उद्योग, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल तथा ग्राम पंचायत केराझरिया की सरपंच श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैंकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। दीपोत्सव और आतिशबाजी ने पाली महोत्सव 2026 के आगाज को यादगार बना दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















