कोरबा। कोरबा शहर के निहारिका सुभाष ब्लॉक स्थित हेलीपैड क्षेत्र में एक युवक द्वारा कार से खतरनाक स्टंट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक तेज रफ्तार कार को लापरवाहीपूर्ण तरीके से घुमाते हुए स्टंट करता दिखाई दे रहा है, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना कुछ ही सेकंड की थी, लेकिन स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। स्टंट के दौरान सड़क से गुजर रहा एक स्कूटी सवार युवक बाल-बाल बच गया। जरा सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार चालक बिना पर्याप्त नियंत्रण के वाहन को तेज गति से मोड़ रहा है, जिससे अन्य राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई। हेलीपैड क्षेत्र खुला और अपेक्षाकृत सुनसान होने के कारण कुछ युवकों द्वारा स्टंट के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जबकि यहां से लोगों का आवागमन लगातार बना रहता है।
कोरबा यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर स्टंटबाजी या लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग से बचें। पुलिस के अनुसार, इस प्रकार की हरकतें न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।
यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, इसके बावजूद कुछ युवक अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















