कोरबा।जिले के पोंड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नवापारा के आश्रित ग्राम मेडलीपारा स्थित ऐतिहासिक गिद्धौर गढ़ में प्रथम वर्ष एक दिवसीय गिद्धौरगढ़ गोंडवाना महोत्सव का आयोजन उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गोंडीयन गाथा, पारंपरिक पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिससे पूरा वातावरण आदिवासी संस्कृति के रंग में रंग गया।
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में तुलेश्वर सिंह मरकाम, राष्ट्रीय अध्यक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) एवं विधायक, उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में गोंडवाना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से अपने इतिहास और पहचान को समझकर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गोंगपा जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य विदवान सिंह मरकाम, जनपद पंचायत पोंड़ी-उपरोड़ा सभापति अधिवक्ता संतोष मरावी, ग्राम पंचायत सासिन के सरपंच परमेश्वर सिंह टेकाम, नवापारा के पूर्व सरपंच महेश मरकाम, कुलदीप सिंह पोया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महोत्सव के दौरान पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत और लोककला की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य गोंडवाना संस्कृति का संरक्षण, युवाओं में सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाना और क्षेत्रीय पहचान को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजक समिति ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में महोत्सव को और अधिक भव्य स्वरूप देने का संकल्प लिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















