कोरबा।शहर के मोती सागर बस्ती स्थित मुक्तिधाम परिसर में अब भगवान आशुतोष की 15 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ स्थापित कर दी गई है। जेसीआई कोरबा की पहल पर स्थापित भगवान शिव की इस विशाल प्रतिमा का विधि-विधान से अनावरण प्रदेश के श्रम एवं वाणिज्य मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया और इसे आमजन को समर्पित किया। इस अवसर पर नगर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शोक संतप्त परिवारों को मिलेगा संबल
मुक्तिधाम वह स्थान है, जहां लोग अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई देने पहुंचते हैं। परिसर के वातावरण को आध्यात्मिक और शांतिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से यह प्रतिमा स्थापित की गई है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की यह विशाल प्रतिमा अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिजनों को मानसिक शांति और आत्मिक संबल प्रदान करेगी तथा उनके दुख को कम करने में सहायक होगी।
महापौर कार्यकाल की यादें
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने अपने महापौर कार्यकाल को याद करते हुए बताया कि मुक्तिधाम के कायाकल्प की शुरुआत उनके समय में की गई थी। उन्होंने कहा कि बाद में जेसीआई द्वारा जिम्मेदारी संभालने के बाद यहां की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की व्यवस्था अत्यंत सराहनीय हो गई है, जो अन्य संस्थाओं के लिए मिसाल है।
सेवा कार्यों की सराहना
जेसीआई कोरबा के संरक्षक एवं वरिष्ठ सदस्य इंजीनियर राज अग्रवाल ने संस्था की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि संगठन निरंतर जनहित के कार्यों में सक्रिय है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर के निकट इस प्रतिमा की स्थापना को उन्होंने एक ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम में सज्जन अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, सुरेश चौहान, आनंद रैकवार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मुक्तिधाम के प्रबंधन और इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















