मानगुरु के बाद कठमोरगा जंगल को साफ कर रहे तस्कर , ऐतमानगर रेंज में 40 से अधिक पेड़ों की कटाई

कटघोरा वन मंडल में अवैध कटाई से हड़कंप, वन अमले की निगरानी पर उठे सवाल

कोरबा।कटघोरा वन मंडल अंतर्गत जंगलों में लकड़ी तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मानगुरु पर्वत क्षेत्र में अवैध कटाई के बाद अब तस्करों ने ऐतमानगर रेंज के ग्राम पंचायत मड़ई अंतर्गत बुका से लगे कठमोरगा जंगल को निशाना बनाया है। यहां बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई किए जाने से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सूत्रों के अनुसार कठमोरगा के जंगल में करीब 40 से अधिक वृक्षों को काट दिया गया है, जिनमें वर्षों पुराने पेड़ भी शामिल हैं। मौके पर कटे हुए पेड़ों के ठूंठ और लकड़ी के अवशेष स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं।

लगातार हो रही अवैध कटाई से यह सवाल उठ रहा है कि क्या वन अमला और मैदानी कर्मचारियों को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर कहीं न कहीं मिलीभगत की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई बिना संरक्षण के संभव नहीं हो सकती।

ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उनका कहना है कि यदि उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तो कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

वन क्षेत्र में बढ़ती तस्करी न केवल पर्यावरण के लिए खतरा है, बल्कि शासन की संरक्षण नीति पर भी प्रश्नचिन्ह लगा रही है। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।