कोरबा। डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम, घंटाघर में सोमवार शाम दूधिया रोशनी और दर्शकों से खचाखच भरे मैदान के बीच प्रेस क्लब कोरबा द्वारा आयोजित स्व. केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बल्लेबाजी करते हुए प्रतियोगिता का आगाज किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने की, जबकि वार्ड पार्षद पंकज देवांगन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शुभारंभ मैच एसईसीएल कोरबा एरिया और सीएसपीडीसीएल कोरबा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर एसईसीएल ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसपीडीसीएल कोरबा ने निर्धारित 10 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए। टीम के ओपनर हेमंत साहू ने 35 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसईसीएल कोरबा एरिया की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 10 ओवर में 7 विकेट खोकर 128 रन ही बना सकी। इस तरह सीएसपीडीसीएल कोरबा ने 20 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए हेमंत साहू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अतिथियों ने प्रदान किया।
इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तित्व को इस प्रकार खेल आयोजन के माध्यम से श्रद्धांजलि देना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि स्व. केशव लाल मेहता की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित यह प्रतियोगिता एक अच्छी परंपरा है, जो न केवल उनके योगदान का स्मरण कराती है बल्कि उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा भी देती है। खेल आपसी भाईचारा और प्रेम को बढ़ाने का माध्यम है।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने भी आयोजन के लिए प्रेस क्लब कोरबा को बधाई दी। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न औद्योगिक उपक्रमों की टीमें भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब कोरबा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















