एचटीपीएस द्वारा नवागांव-कला में स्वास्थ्य शिविर, 91 ग्रामीणों का हुआ परीक्षण

कोरबा।हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम (एचटीपीएस) की ओर से शुक्रवार को ग्राम नवागांव-कला में स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. रूपेश श्रीवास्तव, श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. शशिकांत भास्कर तथा स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. एकता चावरे ने मरीजों की जांच की। परामर्श के बाद सर्दी, खांसी, बुखार सहित आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं भी निःशुल्क प्रदान की गईं।

सरपंच लखन सिंह कंवर की उपस्थिति में विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को शराब एवं धूम्रपान छोड़ने, नियमित व्यायाम अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने की सलाह दी।

महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता बरतने, गर्भावस्था में नियमित जांच कराने, बच्चों को निमोनिया का टीकाकरण कराने तथा टीबी से बचाव और उसके प्रसार को रोकने के लिए मास्क उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया।

शिविर में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित कुल 91 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परामर्श का लाभ लिया।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, परियोजना प्रबंधक एस.के पंड्या, चिकित्सालय के प्रशासनिक प्रभारी जी.डी. बर्वे सहित चिकित्सकीय टीम डॉ. श्वेतांबरी महंता, डॉ. रेणु कौशिक, डॉ. प्रीति पूनम कुजूर और डॉ. पी.के. पटेल तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रबंधन ने बताया कि परियोजना क्षेत्र के 11 निकटवर्ती गांवों में इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।