सलोरा में उपभोक्ता आयोग का जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को बताए अधिकार और ऑनलाइन शिकायत की प्रक्रिया

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत कटघोरा विकासखंड के ग्राम पंचायत सलोरा में उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला उपभोक्ता आयोग कोरबा की अध्यक्ष श्रीमती रंजना दत्ता, सदस्य सुश्री ममता दास एवं पंकज कुमार देवड़ा ने ग्रामीणों को उपभोक्ता अधिकारों और कानूनों की विस्तृत जानकारी दी।

ग्राम पंचायत सलोरा के सभागृह में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। वक्ताओं ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के प्रावधानों से अवगत कराना है। उपभोक्ता जागरूकता ही शोषण से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

अध्यक्ष श्रीमती दत्ता ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण वस्तु एवं सेवाएं प्राप्त करना प्रत्येक उपभोक्ता का कानूनी अधिकार है। किसी भी वस्तु की कीमत, गुणवत्ता, मात्रा, सेवा शर्तें, बीमा, मेडिकल क्लेम, बैंकिंग, फाइनेंस कंपनियों एवं ऑनलाइन खरीददारी में सावधानी बरतना आवश्यक है। धोखाधड़ी, मिलावट, अधिक मूल्य वसूली या सेवा में कमी की स्थिति में उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

ग्रामीणों को ई-जागृति पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने एवं ई-हियरिंग प्रणाली की जानकारी दी गई। बताया गया कि अब उपभोक्ता घर बैठे डिजिटल माध्यम से शिकायत दर्ज कर सुनवाई में शामिल हो सकते हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत होती है।

शिविर में दैनिक जीवन में सतर्कता बरतने की अपील करते हुए एक्सपायरी डेट, एमआरपी, आईएसआई व एगमार्क जैसे गुणवत्ता चिन्ह देखने तथा प्रत्येक खरीद पर पक्का बिल लेने की सलाह दी गई। जिला आयोग में वाद मूल्य के आधार पर पंजीयन शुल्क की जानकारी भी दी गई 5 लाख तक शून्य शुल्क, 5 से 10 लाख तक 200 रुपये, 10 से 20 लाख तक 400 रुपये तथा 20 से 50 लाख तक 1000 रुपये निर्धारित है।

कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ कटघोरा के पूर्व अध्यक्ष सुनील वर्मा ने उपभोक्ता आयोग के प्रयासों की सराहना की और ग्रामीणों से उपभोक्ता संरक्षण कानून का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन महिला अधिवक्ता संतोषी निषाद ने किया।

शिविर में ग्राम पंचायत सलोरा के जनप्रतिनिधि, अधिवक्तागण, शिक्षिकाएं, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।