बीकन स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई, शिक्षकों ने दिए सफलता के मंत्र

कोरबा।स्कूली जीवन को ‘गोल्डन लाइफ’ बताते हुए शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। सीएसईबी पूर्व स्थित बीकन इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन विद्यालय प्रांगण में किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य वाय. ए. नाथन ने कहा कि स्कूल में बिताए गए दिन जीवन भर याद रहते हैं। यहां बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और जीवन मूल्यों की शिक्षा मिलती है, जो उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनती है। उन्होंने कहा कि अब कक्षा 12वीं के विद्यार्थी विद्यालय से आगे बढ़कर अपने भविष्य का निर्माण करेंगे।

समारोह में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

विद्यार्थियों को बुके एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। प्राचार्य श्रीमती नाथन ने सभी विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।

वरिष्ठ शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को सफलता के टिप्स देते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं के छात्र अयान खान, राकिया तस्लीम, जीतू सूर्यवंशी और अफसाना ने किया।