मुक्तिधाम में 18 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित, महाशिवरात्रि पर होगा अनावरण

कोरबा।जेसीआई कोरबा सेंट्रल, जेसीआई लीजेंड एवं जेसीरेट के संयुक्त तत्वावधान में मोतीसागर-पारा स्थित मुक्तिधाम परिसर में 18 फीट ऊंची भगवान शिव की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा का अनावरण 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर किया जाएगा।

कार्यक्रम में लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति के अनुसार मुक्तिधाम परिसर में भगवान शिव की प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य यहां आने वाले दिवंगत आत्माओं के परिजनों को श्रद्धापूर्वक प्रार्थना का आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करना है, ताकि उन्हें मानसिक शांति और संबल मिल सके।

संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि कोरबा क्षेत्र में किसी भी संगठन द्वारा इतनी ऊंचाई की प्रतिमा स्थापित करने का यह पहला अवसर है। उनका विश्वास है कि यह प्रतिमा नागरिकों के लिए आस्था और आकर्षण का केंद्र बनेगी।

उल्लेखनीय है कि जेसीआई कोरबा सेंट्रल विगत लगभग 20 वर्षों से नगर निगम के सहयोग से उक्त मुक्तिधाम का नियमित रख-रखाव एवं सेवा कार्य कर रही है।