हर वार्ड बने मॉडल, गर्मी से पहले पेयजल और सफाई पर विशेष फोकस: कलेक्टर कुणाल दुदावत

कोरबा।कुणाल दुदावत ने नगरीय निकायों की विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए और प्रत्येक वार्ड को मॉडल वार्ड के रूप में विकसित किया जाए।

उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, पेयजल उपलब्धता और बुनियादी सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन से ही नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकेंगी।

ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने अभी से व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में पानी की मांग के अनुरूप टैंकरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जहां आवश्यकता हो, वहां नए बोर निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए जाएं तथा बारिश से पूर्व सभी पानी टंकियों की पूर्ण सफाई कराई जाए।

आगामी होली पर्व के मद्देनज़र कलेक्टर ने त्योहार के दौरान पर्याप्त पेयजल उपलब्धता और विशेष स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मासिक समीक्षा बैठक में नगर निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडेय, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, सभी जोन कमिश्नर तथा पाली, छुरी, कटघोरा, दीपका और बाकीमोंगरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।