मंच, सुरक्षा, लाइटिंग व मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाएं परखी, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कोरबा।दो दिवसीय पाली महोत्सव 2026 (15 एवं 16 फरवरी) के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के उद्देश्य से व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने पाली के केराझरिया स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा, वीआईपी बैठक व्यवस्था, विभागीय स्टॉल, पार्किंग एवं बेरिकेडिंग की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सुचारू संचालन हेतु मंच पर आवश्यक तकनीकी और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त लाइटिंग, पेयजल, शौचालय और कलाकारों के ठहरने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं पीडब्ल्यूडी की टीम को मुस्तैद रहने को कहा। एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने 15 फरवरी की प्रातः आयोजित साइकिल रेस प्रतियोगिता तथा संध्या समय शिव मंदिर घाट पर प्रस्तावित भव्य शिव आरती एवं दीपोत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव, एसडीएम पाली रोहित कुमार सहित शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, खाद्य एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















