निर्धारित शेड्यूल में पूरा हो निर्माण कार्य, गुणवत्ताहीनता पर होगी कड़ी कार्रवाई – महापौर संजूदेवी राजपूत

मानिकपुर डीपरापारा बस्ती में सीसी रोड निर्माण का औचक निरीक्षण, बस्तीवासियों से मिलकर जानी समस्याएं

कोरबा।नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजूदेवी राजपूत ने आज वार्ड क्रमांक 31 मानिकपुर स्थित डीपरापारा बस्ती में चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित शेड्यूल से हटकर पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अभियंताओं और निर्माण एजेंसी को कड़े निर्देश दिए।

महापौर ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य तय समय-सारिणी के अनुरूप ही पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य की गुणवत्ता में कमी या लापरवाही पाई गई तो संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की मजबूती और टिकाऊपन आवश्यक है, ताकि आमजन को दीर्घकालीन लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने बस्ती की पुरानी और जर्जर नाली का भी अवलोकन किया तथा उसकी मरम्मत के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके अलावा मानिकपुर पोखरी क्षेत्र का निरीक्षण कर आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बस्ती का पैदल भ्रमण कर जानी समस्याएं
महापौर संजूदेवी राजपूत ने डीपरापारा बस्ती का पैदल भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से भेंट की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क, नाली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान राजेश लहरे,हेमलाल टंडन, पूर्व पार्षद दीपक यादव, मनोज चौहान, मनोज सिंह राजपूत, बबलू यादव, ब्रजलाल, पूर्णिमा पासवान, भुनेश्वरी सिदार, पवन पटेल, उमेश साहू, मनोज निर्मलकर, ललिता चौहान, किशन भारद्वाज, संजना देवी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।