बांगो बांध में 79.93% भराव के बावजूद रबी सिंचाई रकबा घटा, नहर मरम्मत के लिए 88 करोड़ मंजूर

दांयीं तट नहर से 25 हजार हेक्टेयर में सिंचाई, बायीं तट नहर की लाइनिंग सुधार के लिए

कोरबा। कोरबा जिले के हसदेव बांगो बांध में वर्तमान में 79.93 प्रतिशत पानी का भराव दर्ज किया गया है। इसके बावजूद नहर लाइनिंग की व्यापक मरम्मत कार्य के कारण इस वर्ष रबी सीजन में सिंचाई का रकबा घटाकर 25 हजार हेक्टेयर कर दिया गया है।

परियोजना अंतर्गत दोनों मुख्य नहरों की मरम्मत के लिए 88 करोड़ रुपये के 35 कार्यों को स्वीकृति मिली है, जिनमें से करीब 50 करोड़ रुपये के टेंडर जारी हो चुके हैं। वर्तमान में दांयीं तट नहर में 1596 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे 25 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो रही है।

बायीं तट नहर की स्थिति गंभीर
बायीं तट नहर की लाइनिंग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे नहर फूटने का खतरा बना रहता है। इसकी मरम्मत के लिए 48 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा अकलतरा शाखा नहर के लिए 34 करोड़ और जांजगीर शाखा नहर के लिए 9.44 करोड़ रुपये के 5 कार्य स्वीकृत हैं। बायीं तट नहर की मरम्मत के चलते ही रबी में वहां पानी नहीं देने का निर्णय लिया गया है।

20 अप्रैल तक दी जाएगी सिंचाई
इस वर्ष रबी सिंचाई के लिए 20 अप्रैल तक पानी उपलब्ध कराया जाएगा। पिछले वर्ष 50 हजार हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 88 हजार हेक्टेयर में सिंचाई की गई थी, जो परियोजना के इतिहास में सर्वाधिक रही।

लिफ्ट इरीगेशन नहीं बनने से 7600 हेक्टेयर कम
बांध निर्माण के समय खरीफ सिंचाई क्षमता 2 लाख 55 हजार हेक्टेयर निर्धारित थी, जिसमें परसाही लिफ्ट इरीगेशन योजना शामिल थी। 34 वर्ष बाद भी इस योजना को मंजूरी नहीं मिलने से 7600 हेक्टेयर क्षेत्र घटाना पड़ा है।

खरीफ में 1.40 लाख हेक्टेयर में सिंचाई
कोरबा सर्किल में खरीफ के दौरान 1,40,366 हेक्टेयर में सिंचाई की गई। इसमें जांजगीर-चांपा जिले में 1,26,355 हेक्टेयर, कोरबा में 4,950 हेक्टेयर और सक्ती जिले में 9,061 हेक्टेयर क्षेत्र शामिल रहा।

मरम्मत से बढ़ेगा भविष्य का रकबा
एस.एल. द्विवेदी, अधीक्षण अभियंता, हसदेव बांगो परियोजना ने बताया कि पूरी क्षमता से सिंचाई सुनिश्चित करने के लिए नहरों की मरम्मत कराई जा रही है। अस्थायी रूप से रबी रकबा घटाया गया है, लेकिन भविष्य में सिंचाई व्यवस्था और बेहतर होगी तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

चार साल में सर्वाधिक जलस्तर
बांगो बांध का जलस्तर इस वर्ष 356.18 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले चार वर्षों में सर्वाधिक है। बांध की अधिकतम क्षमता 359.66 मीटर है।