पार्षद निधि से कराए विकास कार्यों के 2.01 करोड़ रु. भुगतान की मांग

दो साल से अटकी राशि, नगरीय निकाय संचालक को सौंपा ज्ञापन

कोरबा।नगर पालिक  निगम कोरबा के विभिन्न वार्डों में पार्षद निधि से कराए गए विकास कार्यों का भुगतान अब तक लंबित है। वर्ष 2024 में पूर्ण हुए कार्यों के एवज में ठेकेदारों को कुल 2 करोड़ 1 लाख रुपए की राशि प्राप्त करना शेष है। भुगतान नहीं होने से ठेकेदारों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो गई है।

मामले में कई स्तर पर पत्राचार के बावजूद समाधान नहीं निकलने पर कॉन्ट्रैक्टर संगठन ने नगरीय निकाय विभाग के संचालक को अवगत कराया है। संगठन ने बताया कि निगम के अनेक वार्डों में पार्षद निधि से विकास कार्य दो वर्ष पूर्व पूर्ण किए जा चुके हैं, लेकिन संबंधित राशि का अब तक भुगतान नहीं किया गया है।

ठेकेदारों का कहना है कि उन्हें विभिन्न सप्लायर और श्रमिकों को भुगतान करना है। राशि अटके रहने से आर्थिक दबाव और कार्य संचालन में दिक्कतें बढ़ रही हैं। कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने यह भी दावा किया कि नगर निगम के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं, ऐसे में लंबित भुगतानों को लेकर त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए।

संगठन ने मांग की है कि शहरी विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए बकाया राशि का जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों और ठेकेदारों को राहत मिल सके।