सड़क सुरक्षा माह के बाद भी अभियान जारी, अवैध पार्किंग और नशे में ड्राइविंग पर भी शिकंजा
कोरबा।सड़क सुरक्षा जागरूकता माह समाप्त होने के बाद भी ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस की सख्ती जारी है। कोरबा में ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों में अवैध रूप से लगी ब्लैक फिल्मों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है।
जानकारी के अनुसार लाखों रुपये की महंगी गाड़ियों में ब्लैक फिल्म लगाकर चलने वाले कुछ वाहन चालकों को यह भ्रम था कि उन पर कार्रवाई नहीं होगी। लेकिन पुलिस ने विभिन्न चेकिंग प्वाइंट पर निगरानी बढ़ाते हुए ऐसी गाड़ियों को रोककर बिना किसी रियायत के ब्लैक फिल्म हटवाई।
इस दौरान कुछ वाहन चालकों ने दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि नियम सबके लिए समान हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन अनिवार्य है। वाहनों में अवैध ब्लैक फिल्म लगाना नियमों की अनदेखी है। ऐसे मामलों में न केवल फिल्म हटाई जाएगी, बल्कि जुर्माना भी लगाया जाएगा। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों वाहनों में लॉक लगाकर पेनाल्टी वसूली है। वहीं शराब के नशे में वाहन चलाने के मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की जा रही है, जिसमें न्यायालय के माध्यम से दंड का प्रावधान है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















