केंदई हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत, पांच घायल

झरना मोड़ के पास आधी रात हुआ भीषण हादसा, दो गंभीर मेडिकल कॉलेज रेफर

कोरबा-मोरगा।जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे पर झरना मोड़ के पास गुरुवार देर रात करीब 12 बजे दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में चार लोग सवार थे। मृतकों की पहचान धनपत यादव और इंद्रजीत नेटी के रूप में हुई है। घायलों में उदयपाल नेटी और रामकुमार पटेल उर्फ पप्पू पटेल शामिल हैं।

बताया गया कि इंद्रजीत नेटी ग्राम पुटा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर ग्राम सरमा लौट रहे थे, तभी केंदई के पास यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन (सीजी12 एएल 4778 और सीजी 04 एनआर 2220) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि एयरबैग खुलने से कुछ लोगों की जान बच गई।

घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और तत्काल मोरगा चौकी पुलिस व डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से पोंड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। हादसे की सूचना मृतकों एवं घायलों के परिजनों को दे दी गई है।